जारी हुई JEE Main February 2021 एग्जाम की आंसर-की, ऐसे कर सकते हैं चैलेंज

By Career Keeda | Mar 04, 2021

फरवरी महीने में आयोजित जेईई मेन 2021 (JEE Main 2021) परीक्षा की आंसर-की नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जारी कर दी गई है। आपको बता दें कि जेईई मेन 2021 की फरवरी सेशन की परीक्षा 23 फरवरी से 26 फरवरी तक आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र 1 मार्च 2021 से 3 मार्च 2021 के बीच ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं।

JEE Main 2021 की आंसर-की जारी होने के बाद छात्र अपने उत्तर से मिलान कर सकेंगें। अगर छात्र NTA द्वारा जारी आंसर-की में किसी सवाल के उत्तर से संतुष्ट नहीं हैं, तो वे उसे चुनौती दे सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रति सवाल 200 रुपये फीस भरनी होगी। छात्र 03 मार्च 2021, शाम 5 बजे तक जेईई मेन वेबसाइट पर जाकर अपने कैंडिडेट लॉग-इन के जरिए आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।

साल में चार बार JEE Main 2021 परीक्षा 
शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने यह घोषणा की थी कि इस साल JEE Main 2021 परीक्षा का आयोजन चार बार किया जाएगा ताकि सभी छात्रों को परीक्षा में बैठने का मौका मिल सके। परीक्षा का पहला सत्र 23 फरवरी से 26 फरवरी के बीच आयोजित किया गया था। JEE Main 2021 परीक्षा फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई के महीने में आयोजित की जाएंगी। एक उम्मीदवार को सभी चार अटेम्पट्स देने का मौका मिलेगा।

आपको बता दें कि JEE Main 2021 दूसरे चरण की परीक्षा मार्च के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जानी है।