नए साल पर इन राज्यों में खुलेंगे स्कूल, जानें क्या हैं राज्यों की गाइडलाइन

By Career Keeda | Dec 22, 2020

कोरोना महामारी के कारण मार्च महीने में देश के सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया था। लॉकडाउन के कारण स्कूलों और छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूल बंद होने के चलते स्कूलों को बच्चों का कोर्स पूरा करने के लिए ऑनलाइन क्लास का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, कोरोना महामारी के बीच देश के कई राज्यों ने नए साल से स्कूल खोलने की तैयारी कर ली है। बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई अन्य राज्यों ने इसके लिए नोटिफिकेशन भी जारी किया है। वहीं, झारखंड में 21 दिसंबर से 10वीं और 12वीं के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं। तो वहीं, यूपी, दिल्ली और कई अन्य राज्यों में अभी भी स्कूल खोले जाने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है। हालाँकि, राज्य सरकारों ने स्कूल खोलने को लेकर गाइडलाइन्स जारी की हैं। सभी स्कूल-कॉलेजों को इसका पालन करना अनिवार्य होगा। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे की जनवरी में कहाँ-कहाँ स्कूल खोले जाएंगे और इसके लिए सरकार ने क्या गाइडलाइन्स जारी की हैं - 

झारखंड में 10वीं और 12वीं के लिए खोले गए स्कूल  
झारखंड सरकार ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के कारण 21 दिसंबर से 10वीं और 12वीं के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं। हालांकि, सरकार ने स्कूल खोलने को लेकर कुछ दिशानिर्देशों जारी किए हैं। सभी स्कूलों को सरकार के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। झारखंड सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन्स के मुताबिक 10वीं और 12वीं के छात्र अपने अभिभावकों की सहमति के बाद स्कूल आ सकते हैं। सरकार ने स्कूल खोलने को लेकर कुछ गाइडलाइन जारी किये हैं, जिसका पालन करना अनिवार्य होगा।

बिहार में 4 जनवरी से खुलेंगे स्कूल 
बिहार में भी नए साल पर स्कूल-कॉलेज और कोचिंग सेंटर्स खोले जाएंगे। बिहार सरकार ने 4 जनवरी से 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूल खोलने का फैसला लिया है। इसके बाद 18 जनवरी से सभी स्कूल-कॉलेज खोल दिए जाएंगे। बिहार सरकार ने स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ कोचिंग सेंटर्स को भी खोलने का भी आदेश दे दिया है। हालाँकि, सरकार ने स्कूल खोलने के लिए कुछ दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। स्कूल आने वाले सभी छात्रों और शिक्षकों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा और सामाजिक दूरी का पालन करना होगा। इसके साथ ही स्कूलों को आदेश दिया गया है कि वे सभी कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति आधी रखें। 

कर्नाटक में 1 जनवरी से स्कूल खोलने का फैसला 
कर्नाटक सरकार ने  तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) की सिफारिशों के मुताबिक 1 जनवरी से स्कूलों को कक्षा 10 और कक्षा 12 के छात्रों के लिए फिर से खोलने का फैसला लिया है। जो कोरोना वायरस की स्थिति के कारण बंद थे। इसके साथ ही कर्नाटक सरकार ने छठी  से नौवीं कक्षा के छात्रों के लिए  विद्यागम कार्यक्रम भी शुरू करने का फैसला लिया है। 
 

इसे भी पढ़ें: प्राइवेट स्कूलों की फीस को लेकर सरकार ने लिया बड़ा फैसला, यहाँ पढ़ें पूरी जानकारी


नासिक में 9वीं से 12 वीं क्लास के लिए 4 जनवरी से खुलेंगे स्कूल 
महाराष्ट्र सरकार ने नासिक शहर के शहरी और ग्रामीण इलाकों के 9वीं से 12 वीं कक्षा के छात्रों के लिए 4 जनवरी से स्कूल खोलने का फैसला लिया है।  महाराष्ट्र में ज्यादा से ज्यादा शहरों में स्कूलों को फिर से खोला जा रहा है। हालाँकि, स्कूल खुलने के बाद सभी टीचर्स को अपना कोरोना टेस्ट करवाना होगा।  

पुडुचेरी में 4 जनवरी से खुलेंगे स्कूल
पुडुचेरी में भी 4 जनवरी से सभी स्कूल फिर से खुलेंगे। हालाँकि, स्कूलों में क्लासेज़ सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ही लगेंगी। इसके बाद 18 जनवरी से पूरे दिन की कक्षाएं होंगी।

यूपी और दिल्ली में स्कूल अनिश्च‍ितकाल के लिए बंद
उत्तर प्रदेश और दिल्ली में स्कूलों को अनिश्च‍ितकाल के लिए बंद किया गया है। वहीं, मध्यप्रदेश के स्कूलों में पहली से आठवीं तक की कक्षाएं अगले साल 31 मार्च तक बंद रहेंगी। राजस्थान में भी 31 दिसंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। इसी तरह मिजोरम में 15 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। हिमाचल प्रदेश में भी सभी स्कूलों और कॉलेजों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला किया गया है।