घूमने-फिरने का शौक है तो टूरिस्ट गाइड बनकर कमा सकते हैं लाखों

By Career Keeda | Sep 08, 2020

अगर आपको नई जगहों पर घूमना, नए - नए लोगों से मिलना और बात करना पसंद है तो आप टूरिज्म इंडस्ट्री में अपना सफल करियर बना सकते हैं। हमारा देश अपने इतिहास और संस्कृति के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। यही कारण है कि हर साल दुनियाभर से सैंकड़ों लोग भारत घूमने आते हैं। भारत में टूरिज्म इंडस्ट्री का विकास लगातार बड़ी तेज़ी से हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2020 के अंत तक भारत में टूरिज्म इंडस्ट्री लगभ 8 बिलियन डॉलर पार कर लेगी। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आप कैसे सर्टिफाइड टूरिस्ट गाइड बनकर अच्छे पैसे कमा सकते हैं  -  

टूरिस्ट गाइड बनने के लिए कौन सा कोर्स करें 
भारत में टूरिज्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के लिए फुल टाइम कोर्सेज के अलावा शॉर्ट टर्म कोर्स के विकल्प भी मौजूद हैं। इसके लिए बारहवीं पास करने के बाद आप तीन साल का बैचलर कोर्स और दो साल का पीजी कोर्स भी कर सकते हैं। इसके अलावा देश के कई इंस्टीट्यूट्स टूरिज्म, ट्रेवल एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमेंट में शॉर्ट टर्म डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स भी करवाते हैं। इसके अलावा भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा टूरीज्म गाइड्स के लिए ट्रेनिंग कोर्स आयोजित किया जाता है। किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन किए लोग इस कोर्स में दाखिला ले सकते हैं। इस कोर्स को पास करने के बाद सर्टिफाइड  पर्यटक गाइड का लाइसेंस मिल जाता है।  

टूरिस्ट गाइड का काम क्या होता है 
एक टूरिस्ट गाइड पर्यटकों के लिए मार्गदर्शक का काम करता है। वह बाहर से आए टूरिस्ट्स के साथ रहकर उन्हें अपने देश या राज्य की की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं और लोक कलाओं से वाकिफ करवाता है। एक टूरिस्ट गाइड अपने देश, राज्य और क्षेत्र की भौगोलिक जानकारी के साथ-साथ सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और टूरिज्म से संबंधित सारी महत्वपूर्ण जानकारी रखने के साथ ट्रेवल एजेंसी व बडे-बडे होटलों की जानकारी भी रखते हैं।

टूरिस्ट गाइड बनने के लिए जरूरी स्किल्स
इंग्लिश और हिंदी साथ विदेशी भाषाओं की जानकारी 
अगर आप टूरिस्ट गाइड बनना चाहते हैं तो आपको इंग्लिश और हिंदी पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए। इसके साथ-साथ अगर आप इंटरनेशनल लेवल पर कस्टमर्स  हैंडल करना चाहते हैं तो बेहतर होगा कि आपको क्षेत्रीय और राष्ट्रीय भाषा के अलावा अंतरराष्ट्रीय भाषाओं की भी जानकारी हो। अगर आपको अपने कस्टमर्स की भाषा की जानकारी होगी तो आप उनसे अच्छी तरह बात-चीत कर पाएंगे और उन्हें विभिन्न टूरिस्ट प्लेसेस की जानकारी दे पाएंगे।    

अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स 
टूरिस्ट गाइड बनने के लिए अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स होना बहुत जरूरी है। एक टूरिस्ट गाइड को नए-नए लोगों के साथ घूमना होता है, इसलिए आपकी कम्युनिकेशन स्किल अच्छी होनी चाहिए। आपको लोगों से बाच-चीत करने का ढंग आना चाहिए। आपके अंदर दूसरों के साथ जल्दी घुलने-मिलने का गुण होना चाहिए। 

संस्कृति और इतिहास का ज्ञान है जरूरी 
टूरिस्ट गाइड बनने के लिए अपने शहर या क्षेत्र की संस्कृति, वहाँ की धरोहरों और उसके इतिहास का ज्ञान होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही आपको उस स्थान की सामाजिक और आर्थिक स्थिति और वहां के रीति-रिवाजों के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं है तो आप अपने कस्टमर्स को पूरी तरह संतुष्ट कर पाएंगे। टूरिस्ट प्लेसेस के अलावा गाइड के पास उस जगह के होटलों, खाने-पीने और शॉपिंग करने की अच्छी जगहों के बारे में  जानकारी होती है। 

टूरिस्ट प्लेस के बारे में होनी चाहिए पूरी जानकारी 
आप जिस भी जगह जा रहे हैं आपको वहां की पूरी जानकारी होनी चाहिए। अगर क्लाइंट आपसे कोई भी सवाल पूछे तो आपको उसका जवाब तत्काल देना आना चाहिए तभी आप अपने क्लाइंट्स को संतुष्ट करवा पाएंगे। इसके अलावा आपके पास किसी भी स्थान या टूरिस्ट प्लेस से जुड़ी जानकारी को रोचक ढंग से बताने का हुनर होना चाहिए। 

टूरिज्म के क्षेत्र में मिलेंगे कई अच्छे मौके 
अगर आपने किसी अच्छे संस्थान से टूरिज्म ट्रैवल एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमेंट का कोर्स किया है तो आपके पास मौकों की कोई भी कमी नहीं होगी। कई टूरिज्म कंपनियां और एजेंसियां हर साल कई जॉब वैकेंसी निकालती हैं। इन कंपनियों में टूरिस्ट गाइड्स को अच्छे सैलरी पैकेज पर जॉब्स ऑफर की जाती है। इसके अलावा आप अपनी खुद की कंपनी या एजेंसी खोल कर भी बढ़िया पैसे कमा सकते हैं।