CBSE ने 12वीं बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर जारी की अहम जानकारी, यहाँ पढ़ें पूरी खबर

By Career Keeda | Nov 23, 2020

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए कक्षा 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम की डेट जारी कर दी। अगली साल 12वीं का बोर्ड एग्जाम देने वाले स्टूडेंट्स प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीख CBSE की ऑफिशियल वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं। आपको बता दें कि CBSE 12वीं  क्लास की प्रैक्टिकल परीक्षा 1 जनवरी 2021 से 8 फरवरी 2021 तक होगी। हालाँकि, CBSE ने कहा है कि यह तिथि संभावित है और सही तिथि की सूचना बाद में अलग से दी जाएगी। CBSE ने 12वीं बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि के साथ ही परीक्षा के आयोजन को लेकर एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी जारी की है।

CBSE द्वारा दी गई सूचना के मुताबिक प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए स्कूलों को अलग-अलग तारीखें भेजी जाएंगी। इसके साथ ही CBSE ने यह भी बताया कि बोर्ड एक ओब्जर्वर नियुक्त करेगा जो प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट मूल्यांकन का निरीक्षण करेगा। आपको बता दें कि पिछले साल की तरह इस साल भी CBSE बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा में इंटर्नल और एक्सटर्नल दोनों एग्जाम के लिए एग्जामिनर नियुक्त करेगा। सभी स्कूलों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे CBSE बोर्ड द्वारा नियुक्त एक्सटर्नल एग्जामिनर के माध्यम से ही परीक्षा करवाएं। मूल्यांकन खत्म होने के बाद स्कूलों को बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक पर मार्क्स अपलोड करने होंगे। प्रैक्टिकल एग्जाम और प्रोजेक्ट मूल्यांकन का काम संबंधित स्कूलों में ही चलेगा।

CBSE बोर्ड के मुताबिक सभी स्कूलों को एक ऐप लिंक उपलब्ध करवाया जाएगा जिस पर उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने वाले हर बैच के सभी स्टूडेंट्स, एक्सटर्नल एग्जामिनर, इंटर्नल एग्जामिनर और ओब्जर्वर के साथ में ग्रुप फोटो ऐप पर अपलोड करनी होगी। 

सीबीएसई के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं जरूर होंगी और इनके लिए शेड्यूल जल्द घोषित किए जाएंगे।