एग्जाम आने वाले हैं और पढ़ाई में मन नहीं लगता तोअपनाएँ ये 5 आसान टिप्स

By Career Keeda | Oct 12, 2020

यह बात तो हम सभी जानते हैं कि किसी भी काम में सफलता पाने के लिए हमें मेहनत करने की जरूरत होती है। बाकी चीज़ों में तो थोड़ी कम मेहनत भी की जाए तो काम चल जाता है लेकिन पढ़ाई एक ऐसी चीज़ है जिसमें पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करने की बहुत जरुरत होती है। लेकिन कई बार हम चाहते हुए भी किसी ना किसी वजह से पढ़ाई में मन नहीं लगा पाते हैं। ऐसे में टीवी स्मार्टफोन, सोशल नेटवर्किंग साइट के कारण हमारा मन पढ़ाई से भटक जाता है और हम पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। अगर आप भी इस वजह से परेशान हैं और सोच रहे हैं कि पढ़ाई में मन कैसे लगाया जाए तो आज का यह लेख जरूर पढ़ें। आज हम आपको कुछ ऐसी आसान लेकिन उपयोगी टिप्स बताएँगे जिन्हें फॉलो करने से आपको पढ़ाई में मन लगाने में मदद मिलेगी -    

लक्ष्य निर्धारित करें 
पढ़ाई में मन लगाने के लिए सबसे पहले आपको खुद से यह पूछना जरूरी है कि आपका लक्ष्य क्या है? जब आपके दिमाग में कोई लक्ष्य होगा तो आप उसे पाने के लिए मेहनत करेंगे। जब भी आपका मन पढ़ाई से भटके तो खुद से यह सवाल करें कि अपना लक्ष्य पाने के लिए आपको कितनी पढ़ाई करनी चाहिए और क्या आप उतनी पढ़ाई कर रहे हैं?  
 

 इसे भी पढ़ें: इन टिप्स से कहिए एग्जाम स्ट्रेस को बाय-बाय

 

सही जगह बैठकर पढ़ें 
आपका मन पढ़ाई में लगेगा या नहीं या कितना कितना लगेगा, यह आस-पास के वातावरण पर भी निर्भर करता है। हमारे आस-पास के वातावरण का हमारे पर बहुत असर होता है। इसलिए जरुरी है कि आप पढ़ने के लिए सही और शांत जगह का चुनाव करें। इसके साथ ही ऐसी जगह बैठकर पढ़ें जहाँ ना ज़्यादा गर्मी हो और ना ज़्यादा सर्दी। इसके साथ ही शोर-शराबे वाली जगह पर बैठ कर ना पढ़ें। बैठने के लिए सही टेबल-चेयर का चुनाव करें जिस पर आप आराम से बैठकर पढ़ सकें।   

पढ़ाई के लिए चुनें सही समय 
पढ़ने के लिए सही समय का चुनाव करना बहुत आवश्यक है। कई लोग सुबह ज्यादा ध्यान लगाकर पढ़ पाते हैं तो कई लोगों को रात में पढ़ने की आदत होती है। आपको समझना होगा कि आप किस समय ज़्यादा मन लगाकर पढ़ पाते हैं और उसके मुताबिक अपना टाइम टेबल बनाएं। टाइम टेबल बनाते समय ध्यान रखें कि ऐसा ही शेड्यूल बनाएं जिसे आप आसानी से फॉलो कर सकें। पढ़ाई के बीच में थोड़ी देर का ब्रेक लें जिससे आपका दिमाग फ्रेश रहे।  

 

इसे भी पढ़ें: स्मार्ट तरीके से करें CTET की तैयारी, जानें CTET एग्जाम की तैयारी के लिए बेस्ट मोबाइल ऐप और यूट्यूब चैनल

ध्यान भटकाने वाली चीज़ों को दूर रखें 
पढ़ाई करते समय ध्यान भटकाने वाली चीज़ों को खुद से दूर रखें। कई लोग टीवी देखते-देखते या मोबाइल चलाते-चलाते पढ़ाई करते हैं लेकिन यह सही नहीं है। एक समय पर एक ही काम करें। पढ़ाई करते समय मोबाइल चलाने, टीवी देखने या गाना सुनने से आप पढ़ाई में ध्यान नहीं लगा पाएंगे।   

जरूरत की सभी चीजें अपने पास ही रखें
पढ़ाई करने के लिए बैठने से पहले जरुरत की सारी चीज़ें पहले से ही अपने पास रख लें ताकि आपको बीच-बीच में उठना ना पड़े। अगर आप बार-बार किताब लाने, पानी पीने या अन्य कामों के लिए उठते रहेंगे तो आप पढ़ाई में ध्यान नहीं लगा पाएंगे। बेहतर होगा कि आप पढ़ाई की जरूरी चीजें जैसे की कॉपी-किताब, पेंसिल, पेन आदि अपने पास ही रखें।